कृषि मंत्री गणेश जोशी ने चौबटिया उद्यान में पर्यटकों की सुविधा के लिए नई व्यवस्थाएँ लागू कीं

देहरादून, 02 अप्रैल: कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय उद्यान चौबटिया में पर्यटकों की आवाजाही में आ रही समस्याओं का संज्ञान लिया और त्वरित कार्यवाही करते हुए कई नई व्यवस्थाएँ लागू की हैं। सोशल मीडिया और मीडिया से मिली जानकारी के बाद मंत्री जोशी ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद उपनिदेशक उद्यान चौबटिया ने अधीक्षक के साथ उद्यान का निरीक्षण किया और पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए।

मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के अनुसार अब राजकीय उद्यान चौबटिया प्रतिदिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुलेगा। भ्रमण के लिए निर्धारित द्वारों पर इस अवधि में ताले नहीं लगाए जाएंगे, ताकि पर्यटकों को कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 7:00 बजे तक चौकीदार तैनात रहेगा। अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था उपनिदेशक, वनस्पति कार्यालय के पास की गई है, ताकि पर्यटकों को ट्यूलिप गार्डन का भ्रमण करने में कोई परेशानी न हो।

मंत्री जोशी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजन के लिए ट्यूलिप गार्डन तक वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी जाएगी, ताकि वे भी इस प्राकृतिक सौंदर्य का पूरा आनंद ले सकें। पार्किंग क्षेत्र में जन-सुविधाओं की उचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे पर्यटकों को कोई असुविधा न हो।

इसके अलावा, गाइडों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पर्यटकों को केवल निर्धारित भ्रमण मार्गों से ही भ्रमण कराएँ, ताकि सुरक्षा और सुविधा बनी रहे। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से कहा कि पर्यटकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य के पर्यटन क्षेत्र में सुधार और विकास के लिए यह एक अहम कदम है।

मंत्री जोशी ने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि पर्यटकों को आरामदायक और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाए, ताकि वे इस प्राकृतिक सुंदरता का पूरा आनंद ले सकें। भविष्य में भी हम चौबटिया उद्यान के विकास और पर्यटकों की सुविधा को और बेहतर बनाने के प्रयास जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!