देहरादून और नैनीताल में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने मंजूर किए 164.67 करोड़ रुपये

केंद्र सरकार ने उत्तराखंड राज्य के देहरादून और नैनीताल में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 164.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। यह मंजूरी ‘स्कीम फॉर स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल एक्सपेंडिचर’ के तहत दी गई है। इस बजट का उद्देश्य राज्य के विकास को और तेज गति से बढ़ावा देना है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

स्वीकृत बजट में देहरादून में कई प्रमुख परियोजनाओं के लिए राशि निर्धारित की गई है। इनमें मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के तहत रामजीवाला (मियांवाला) में तालाब और पार्क निर्माण के लिए 828.27 लाख रुपये, डिफेंस कॉलोनी में गौरा देवी पार्क के निर्माण के लिए 672.57 लाख रुपये, और तहसील चौक पर मल्टीलेवल कार पार्किंग और ऑफिस स्पेश बिल्डिंग के लिए 13441.85 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा, ऋषिकेश में मल्टीलेवल कार पार्किंग के लिए 12560.70 लाख रुपये, कारगी चौक के पास आढ़त बाजार निर्माण के लिए 12150.38 लाख रुपये और रायपुर के पास मालदेवता रोड पर जलस्रोत सौंदर्यीकरण के लिए 404.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नैनीताल के विकास के लिए भी राशि मंजूर की गई है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण नैनीताल के अधीन शेर का डांडा में ड्रैनेज और सड़क निर्माण के लिए 1241.59 लाख रुपये और नैनीताल शहर के अंदर सड़क और ड्रैनेज कार्य के लिए 621.10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार द्वारा इन विकास कार्यों के लिए दी गई मंजूरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में केंद्र सरकार का सहयोग निरंतर मिलता रहा है, और यह बजट मंजूरी उन परियोजनाओं को साकार करने में मददगार साबित होगी, जो जनता की बेहतरी के लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!