उत्तरकाशी हादसे को लेकर उत्तराखंड के भाजपा सांसदों ने की प्रधानमंत्री से मुलाकात

नई दिल्ली/देहरादून, 6 अगस्त। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हाल ही में आई आपदा को लेकर प्रदेश के भाजपा सांसदों ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य में आपदा की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी और अब तक चल रहे राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तरकाशी हादसे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा,

“मैं स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहा हूं। उत्तराखंड को हरसंभव सहायता दी जाएगी।”

प्रधानमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचे, और आवश्यकता पड़ने पर केंद्र से अतिरिक्त संसाधन भेजे जाएं। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, और संकट की इस घड़ी में पीड़ितों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

बैठक में राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत,अजय भट्ट, और माला राजलक्ष्मी शाह शामिल रहे। सांसदों ने प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से राहत और पुनर्वास कार्यों को युद्धस्तर पर अंजाम दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!