नगर निगम देहरादून का 27वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

देहरादून। नगर निगम देहरादून ने आज अपना 27वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया। इस अवसर पर नगर निगम भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और क्षेत्र के विधायक भी उपस्थित रहे। मेयर सौरभ थपलियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने 45 करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम देहरादून को आदर्श नगर बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। शहर को बेहतर परिवहन, रेल और हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के शुरू होने से राजधानी देहरादून तक यात्रियों की आवाजाही और भी सुगम होगी। उन्होंने कहा कि देहरादून की बढ़ती जनसंख्या और शहरी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सरकार सुरक्षित, स्वच्छ और हरित दून के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने शहर वासियों से नगर को स्वच्छ, व्यवस्थित व पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहयोग का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!