मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले दिवंगत पत्रकार पंकज मिश्रा के परिजन, न्याय का दिया आश्वासन

देहरादून।
दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार पंकज मिश्रा की पत्नी लक्ष्मी मिश्रा एवं उनके भाई अरविंद मिश्रा ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत पत्रकार से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुःखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

यह मुलाकात शोक संतप्त परिवार के लिए संवेदनात्मक समर्थन के साथ-साथ न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!