मां धारी देवी मंदिर के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है।

देहरादून। मां धारी देवी मंदिर के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर पौड़ी जनपद के प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली दो मंजिला आधुनिक पार्किंग बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। इसके लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है।
प्रस्तावित पार्किंग का निर्माण ग्राम कलियासौड़, पट्टी चणाल्यूं, तहसील श्रीनगर में किया जाएगा। इसके लिए करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्रफल निर्धारित किया गया है। पार्किंग में लगभग 100 ईसीएस यानी वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी। इससे मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को वाहन पार्क करने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। चिह्नित भूमि का जीआईएस सर्वेक्षण भी कराया जा चुका है, जिसमें निर्धारित शर्तों के साथ भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।
वहीं, परियोजना के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है। कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल और स्ट्रक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा।
हालांकि, प्रस्तावित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड के पास है। ऐसे में निर्माण से पहले संबंधित परियोजना से एनओसी प्राप्त की जाएगी। इसके बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गौरतलब है कि मां धारी देवी मंदिर में सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। खासकर चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में दो मंजिला पार्किंग बनने से सड़क किनारे होने वाली अनियोजित पार्किंग पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारु करने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार की इस पहल से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!