
चम्पावत ], [6 मई
प्रदेश के शांत माने जाने वाले पहाड़ी अंचलों में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिले में, अपने बीमार पिता के इलाज के लिए आई एक 16 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने की सनसनीखेज घटना घटी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
दिनदहाड़े अपहरण और रातभर दरिंदगी
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार 5 मई की है। एक ग्रामीण व्यक्ति अपनी बीमारी के उपचार हेतु अपनी नाबालिग बेटी के साथ जिला चिकित्सालय आया था। दोपहर करीब 2:30 बजे बालिका अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद देर रात बालिका का फोन आया, जो कुछ ही देर में बंद हो गया। घबराए पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले भर में नाकेबंदी की और मुखबिरों की सूचना पर तड़के 4:00 बजे सल्ली गांव के एक कमरे से बालिका को बरामद किया। बताया जा रहा है कि बरामदगी के वक्त बालिका नग्नावस्था में थी और उसे बांधकर रखा गया था। तीनों आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार होने में कामयाब रहे।
हथियार के बल पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे हथियार दिखाकर डराया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने तत्काल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे उपचार मुहैया कराया है।
पुलिस की कार्रवाई और राजनीतिक प्रतिक्रिया
पुलिस अधीक्षक (SP) रेखा यादव ने बताया कि पिता की तहरीर पर तीन नामजद युवकों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट, गैंगरेप और अन्य जघन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच महिला एसआई प्रियंका को सौंपी गई है।
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी उबाल है। कांग्रेस के प्रांतीय सचिव आनंद मेहरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र में इस तरह की वारदात होना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने पहाड़ों में बढ़ती इस प्रकार की आपराधिक प्रवृत्तियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
मुख्य बयान (Bytes):
रेखा यादव (एसपी): “पुलिस ने सूचना मिलते ही युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया और बालिका को 20 किमी दूर एक गांव से बरामद किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज है। क्षेत्र की शांति भंग करने वालों और ऐसे अपराधियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।”
आनंद मेहरा (कांग्रेस प्रदेश सचिव): “यह पहाड़ों की संस्कृति और प्रकृति के विरुद्ध है। मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में दिनदहाड़े ऐसी वारदात होना बेहद अशुभ संकेत है। हम दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हैं।”
फिलहाल, पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है

