
देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र में 26 जून को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। SSP दून के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 1.05 लाख रुपये नगदी, 3 ओप्पो मोबाइल फोन और एक आला नकब बरामद किया गया ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ बीनने का काम करते हैं और इसी बहाने बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने सहस्त्रधारा के मक्का वाला मसूरी रोड स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर दो बड़ी पीतल की मूर्तियां चुराई थीं, जिन्हें बाद में आईएसबीटी के एक कबाड़ी को बेच दिया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर भंडार गांव जंगल रोड से तीनों को पकड़ा। फरार कबाड़ी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगदीप सिंह उर्फ जग्गी (33 वर्ष), निवासी कावली रोड, पटेल नगर,साकेंद्र उर्फ बुल्ला (26 वर्ष), निवासी गांधी ग्राम, पटेल नगर (मूल निवासी बिहार),मुखलिद (23 वर्ष), निवासी मेहुवाला, बसंत विहार के रूप में हुई ।

