देहरादून में ‘पर्वत मंथन रीजनल कॉन्क्लेव 2026’ का आगाज, हिमालयी शहरों के सतत विकास पर होगा मंथन

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने किया उद्घाटन, जल सुरक्षा, स्वच्छता और आपदा प्रबंधन पर देशभर के विशेषज्ञ करेंगे चर्चा

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को ‘पर्वत मंथन रीजनल कॉन्क्लेव 2026’ का शुभारंभ केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया। राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान (NIUA) की ओर से 17 और 18 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में हिमालयी राज्यों के नीति-निर्माता, सरकारी अधिकारी, शहरी योजनाकार और विकास से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।

सम्मेलन में हिमालयी शहरों की जल सुरक्षा, स्वच्छता, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। साथ ही पर्यटन और बढ़ती आबादी के दबाव के बीच शहरों की वहन क्षमता, मजबूत शहरी बुनियादी ढांचे और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि हिमालयी शहरों की चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारों, संस्थानों और क्षेत्रीय भागीदारों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार और नैनीताल की वहन क्षमता पर आधारित रिपोर्ट, दार्जिलिंग की स्वच्छता रणनीति, जलवायु परिवर्तन से जुड़ी ग्राफिक स्टोरी और स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा एवं समावेशी स्वच्छता पर ऑनलाइन पाठ्यक्रम सहित 10 महत्वपूर्ण पहल और प्रकाशन भी लॉन्च किए गए।

सम्मेलन में ‘हिमालयन अर्बन बायो-शेड्स (HUBS)’ परियोजना भी प्रस्तुत की गई, जिसके तहत उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के तीन शहरों में जल, कचरा प्रबंधन, जैव विविधता और पारिस्थितिकी को एकीकृत कर सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने की योजना है।

दो दिवसीय इस सम्मेलन से हिमालयी शहरों के लिए आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे, बेहतर जल प्रबंधन और पर्यावरण के अनुकूल शहरी विकास की भावी रणनीति तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!