आउटसोर्स कर्मचारियों के समर्थन में उतरे हरक सिंह रावत

उत्तराखंड में आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगों को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आउटसोर्स कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के धरने में पहुंचकर कर्मचारियों को समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया।
धरनारत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में आउटसोर्स कर्मचारी नियमित कर्मचारियों के समान ही मेहनत कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उचित सम्मान और वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कम मानदेय और विपरीत परिस्थितियों में काम करने वाले कर्मचारियों की पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।
हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि 15 से 20 साल तक सेवाएं दे चुके आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना कारण और बिना नोटिस नौकरी से हटाया जा रहा है, जो अमानवीय और तानाशाहीपूर्ण रवैया है। उन्होंने मांग की कि आउटसोर्स कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए और उपनल की तर्ज पर अलग कॉरपोरेशन बनाकर उनका समायोजन किया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आउटसोर्स कर्मचारियों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। यदि भाजपा सरकार उनकी मांगों का समाधान नहीं करती है तो सत्ता में आने पर कांग्रेस उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।


