आपदा की घड़ी में जनसेवा को प्राथमिकता: राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी

देहरादून। उत्तराखंड में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने प्रदेश सरकार को हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी, पंकज कपूर ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा और एकजुटता का है।
पंकज कपूर ने बताया कि उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग, और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में हुई जान-माल की क्षति अत्यंत दुखद है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार द्वारा चलाए जा रहे त्वरित राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इन प्रयासों में पूरी तरह सहभागी है और उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए राहत और पुनर्वास कार्यों में मदद करने का आह्वान किया।
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने राज्य के सभी जिलों में अपने संगठन को सक्रिय कर दिया है। कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाएं, रक्तदान शिविरों का आयोजन करें, और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।
कपूर ने केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया कि वह उत्तराखंड की इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर विशेष पैकेज जारी करे, ताकि राज्य के पुनर्निर्माण और प्रभावित लोगों के जीवन को सामान्य किया जा सके। उन्होंने विपक्ष से भी अपील की कि वे इस कठिन समय में राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर एक सकारात्मक सहयोगी की भूमिका निभाएं।
कपूर ने आखिर में कहा कि राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी हमेशा उत्तराखंड के लोगों के साथ है और संकट की इस घड़ी में वे सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।